शहर में येलो लाइन पार्किंग दरों पर भी की जाएगी निर्धारित
वार्डों में सीवरेज लाइन समेत विकास कार्याें पर भी लगाई जाएगी मुहर
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नगर निगम की छह माह बाद नौ फरवरी को आमसभा होगी। इससे पहले अगस्त में आमसभा हुई थी, जिसमें कई मुद्दों पर चर्चा हुई थी। इस बार की बैठक में अगस्त में उठाए गए मुद्दों की पुष्टि के साथ-साथ नए विकास कार्यों पर भी मुहर लगाई जाएगी। बैठक से पहले स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में महापौर ऊषा शर्मा ने वित्त से संबंधित जानकारी ली। नगर निगम शहरवासियों को पहली बार येलो लाइन पार्किंग की सुविधा देने जा रहा है। पहले चरण में येलो लाइन मार्किंग लग चुकी है, जबकि दूसरे चरण के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे। शहर में करीब 1,500 वाहनों के लिए येलो लाइन पार्किंग दी जाएगी और इसकी दरों का निर्धारण आमसभा में किया जाएगा। इससे बेतरतीब पार्किंग खत्म होगी और संबंधित वार्ड के निवासियों को प्राथमिकता मिलेगी। इसके अलावा बैठक में सीवरेज लाइन बिछाने, पानी की पाइप लाइन, आवास योजना के तहत खाली भवनों को देने, शहर के 17 वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा और सलोगड़ा डंपिंग स्थल में कूड़ा प्रोसेसिंग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
एमसी को आमसभा में श्वेतपत्र जारी करना चाहिए : शैलेंद्र
भाजपा पार्षद शैलेंद्र गुप्ता ने कहा कि नगर निगम मामलों को गंभीरता से नहीं ले रहा है। आमसभा हर माह कराने का निर्णय था, लेकिन छह माह बाद ही कार्याें की पुष्टि हो रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में केवल समय बिताया जा रहा है और सलोगड़ा कूड़ा संयंत्र में हेराफेरी चल रही है। उनका सुझाव है कि आमसभा में श्वेतपत्र जारी किया जाए।
कोट
नौ फरवरी की आमसभा में शहरवासियों से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा होगी। विकास कार्य लगातार चल रहे हैं और आमसभा में सीवरेज समेत अन्य सुविधाओं पर निर्णय लिया जाएगा।
-ऊषा शर्मा, महापौर, नगर निगम,सोलन