बद्दी से स्वराजमाजरा में लोगों को नहीं मिली घरेलू गैस
गैस की कमी व वितरण पर भड़के लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी में घरेलू गैस वितरण की समुचित व्यवस्था न होने का खामियाजा आम उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और संबंधित इंडेन गैस एजेंसी अब तक ऐसी व्यवस्था नहीं बना पाए हैं, जिससे लोगों को समय पर और सुचारु रूप से गैस सिलिंडर मिल सके। मंगलवार को गैस लेने के लिए लोग सुबह चार बजे से ही लाइन में लग गए, लेकिन सुबह 11 बजे तक भी गैस की गाड़ी स्वराज माजरा मैदान नहीं पहुंची।
स्थानीय निवासी कर्मचंद, रामलाल, महेश, राजकुमार और हर्ष आर्य ने आरोप लगाया कि जब केंद्र और प्रदेश सरकार के निर्देश हैं कि घरेलू गैस की डोर-टू-डोर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, तो फिर लोगों को तपती धूप में खुले मैदान में घंटों इंतजार क्यों कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद लोग अपना काम छोड़कर और उद्योगों से छुट्टी लेकर गैस सिलेंडर लेने पहुंचे, लेकिन कई उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल सकी और उन्हें निराश लौटना पड़ा।
उपभोक्ताओं का कहना है कि उनकी गैस बुकिंग चार-पांच दिन, जबकि कुछ मामलों में एक सप्ताह पहले की जा चुकी थी। इसके बावजूद बुकिंग तिथि निकल जाने के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा है। उनका आरोप है कि इंडियन ऑयल कंपनी और संबंधित गैस एजेंसी अब तक वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित नहीं कर पाई हैं। कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि ब्लैक में गैस आसानी से उपलब्ध हो जाती है, जबकि नियमित बुकिंग कराने वाले उपभोक्ता इंतजार करते रह जाते हैं।
गैस एजेंसी के संचालक ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के नाम पर पर्ची जारी की जाती है, उन्हें ही गैस सिलिंडर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कई उपभोक्ता निर्धारित समय से पहले ही गैस लेने पहुंच जाते हैं, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है।