खस्ताहाल सड़क से लोग परेशान, सड़क पर बिखरा गटका
नाली और पुलिया मिट्टी से लबालब, सड़क पर बह रहा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
कसौली(सोलन)। कसौली से कालका (वाया कुंडलु) जाने वाली सड़क मात्र 10-15 मिनट की बारिश भी नहीं झेल सकी। अब सड़क जर्जर है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इस सड़क पर विकास के नाम पर केवल औपचारिकताएं पूरी की गई हैं। सड़क पर दो बार गटका (पत्थर) तो बिछाया गया, लेकिन उसके नीचे मिट्टी भरकर काम को अधूरा छोड़ दिया गया।
हालात ये हैं कि सारा गटका उखड़कर सड़क पर बिखर चुका है। इससे गाड़ी चलाना तो दूर, पैदल चलना भी दूभर हो गया है। सड़क की दुर्दशा का सबसे बड़ा कारण ड्रेनेज सिस्टम का फेल होना है। ग्रामीणों ने बताया कि पूरी सड़क पर बनी पुलियां मिट्टी और मलबे से लबालब भरी हुई हैं। पानी निकासी का रास्ता न होने के कारण नालियों का पानी करीब तीन किमी तक सड़क के ऊपर ही बह रहा है। जलभराव के कारण सड़क का आधार पूरी तरह खोखला हो चुका है।
लोगों का कहना है कि आज तक सड़क को पक्का करने के लिए टेंडर नहीं किए गए हैं। विभाग हर साल केवल मिट्टी डालकर पल्ला झाड़ लेता है। लोगों ने मांग की है कि सड़क को स्थायी रूप से पक्का किया जाए। बंद पुलियों की तुरंत सफाई की जाए, ताकि जल निकासी सुचारू हो सके।
लोक निर्माण विभाग कसौली के अधिशासी अभियंता गुरमिंत राणा ने कहा कि सड़क को पक्का करने से पहले इस पर मिट्टी व गटका बिछाया जाता है। अभी इस सड़क पर मरम्मत कार्य चल रहा है। इसमें ड्रेनेज का निर्माण किया जाएगा। यदि मिट्टी से पुलियां बंद हो गई हैं, तो उन्हें खोलने के लिए कहा जाएगा। इस पर मेटलिंग की गई है। गटके को लेकर संबंधित ठेकेदार को निर्देश दिए जाएंगे।