श्री गुग्गामाड़ी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या हिंदी, पंजाबी, पहाड़ी और नेपाली गीतों से सराबोर रही।
- फोटो : अमर उजाला
श्री गुग्गामाड़ी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या हिंदी, पंजाबी, पहाड़ी और नेपाली गीतों से सराबोर रही। सोलन के रुद्राक्ष बैंड का जादू लोगों के सिर चढ़कर बोला। गायक अर्जुन गोपाल ने पंजाबी गीत मैं चेतक लिया सी, पटियाला पैग पर धमाल मचाया। राखी ने कच्चे धागे के गीतों के बाद पहाड़ी गिद्दा से वाहवाही बटोरी।
विनोद रंता ने पहाड़ी गीत पर खूब धमाल मचाया। संगीत की अंतिम कड़ी में हिमाचल से वायस आफ हिमालय के विजेता रमेश ठाकुर ने सीटियों की आवाज में मंच पर एंट्री मारी। उन्होंने मुस्कराने की वजह तुम हो के बाद जनता की फरमाइश पूरी करते हुए पहाड़ी गीतों पर श्रोताओं को खूब नचाया। इस दौरान प्रधान रवि शर्मा, पंकज गुप्ता, मनीष गुप्ता और मिलखान सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सुबाथू मेले के पहले दिन लोगों का खूब तांता लगा रहा। ग्रामीणों सहित दूरदराज से आए लोगों ने मेले का आनंद लिया। बच्चों ने मिक्की माउस, चिनोल और कश्ती झूलों का आनंद लिया। महिलाओं ने साज शृंगार का सामान खरीदा।
आज आएंगे आबकारी एवं कराधान मंत्री
सुबाथू (सोलन)। आबकारी मंत्री प्रकाश चौधरी शनिवार को सुबाथू मेले में श्री गुग्गा जी के दरबार में हाजिरी लगाएंगे। हालांकि लोग मंत्री जी के माध्यम से मुख्यमंत्री से सुबाथू चिकित्सालय में अन्य सुविधाओं के लिए 25 लाख की मांग रखेंगे। कांग्रेस कमेटी के प्रधान अनिल गुप्ता ने बताया कि लोगों की मांग पर मंत्री से बात की जाएगी।