कशलोग स्कूल में फायर मॉक ड्रिल, विद्यार्थियों को मिला सीपीआर का प्रशिक्षण
संवाद न्यूज़ एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। राजकीय उच्च विद्यालय कशलोग में विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से फायर मॉक ड्रिल एवं सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन फायर ऑफिसर अशोक कुमार के नेतृत्व में चार सदस्यीय फायर ब्रिगेड टीम ने किया।
प्रशिक्षण के दौरान फायर ऑफिसर अशोक कुमार ने विद्यार्थियों को आग लगने के विभिन्न कारणों, उससे बचाव के उपायों तथा विभिन्न प्रकार की आग बुझाने में उपयोग किए जाने वाले अग्निशामक यंत्रों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बिजली, गैस, रसोई तथा अन्य ज्वलनशील पदार्थों से लगने वाली आग की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों और बचाव के व्यावहारिक तरीकों का प्रदर्शन भी किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सीपीआर तकनीक का प्रशिक्षण भी दिया गया। फायर ब्रिगेड टीम ने बताया कि किसी दुर्घटना या आपातकालीन स्थिति में सीपीआर का सही और समय पर उपयोग किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। साथ ही मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपदा के समय सुरक्षित एवं त्वरित निकासी की प्रक्रिया का अभ्यास भी करवाया गया। विद्यालय के कार्यवाहक मुख्याध्यापक ललित कुमार गांधी ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। इससे बच्चों में आपदा के समय सही निर्णय लेने, घबराहट से बचने तथा दूसरों की सहायता करने की क्षमता विकसित होती है।