स्टाफ की लापरवाही से गंभीर मरीजों को बाहर उतारने की नौबत, प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश
एंबुलेंस के फंसने के कारण सड़क पर लग रहा लंबा जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन का आपातकालीन वार्ड परिसर इन दिनों अस्पताल के स्टाफ कर्मियों के वाहनों की पार्किंग बनता जा रहा है। इसके कारण एंबुलेंस चालकों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार एंबुलेंस को वार्ड तक पहुंचने में दिक्कत होने पर गंभीर मरीजों को अस्पताल के बाहर ही उतारना पड़ रहा है। अस्पताल स्टाफ के कई कर्मचारी सुबह के समय अपने वाहन आपातकालीन वार्ड के बाहर खड़े कर चले जाते हैं, जबकि उनके लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था भी उपलब्ध है। इसके बावजूद जल्दबाजी में पहुंचने के लिए कर्मचारी वार्ड क्षेत्र को ही पार्किंग के रूप में उपयोग कर रहे हैं। स्थिति यह है कि कई बार तीमारदारों को एंबुलेंस के लिए रास्ता बनाने हेतु खड़े वाहनों को हटाना पड़ता है। एंबुलेंस के अंदर तक न पहुंच पाने से व्हीलचेयर तक मरीजों को लाने में भी कठिनाई होती है, और कई बार मरीजों को स्वयं चलकर व्हीलचेयर तक पहुंचना पड़ता है। इससे अस्पताल परिसर के बाहर जाम की स्थिति भी बन जाती है, जिससे अन्य मरीजों को भी देरी का सामना करना पड़ता है। प्रशासन की ओर से कई बार कर्मचारियों को यहां वाहन न खड़ा करने के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
चिकित्सा अधीक्षक की सख्ती के बाद सुधार
मामले की शिकायत मिलने पर क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश पंवार ने मौके का निरीक्षण कर कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आपातकालीन वार्ड के बाहर किसी भी कर्मचारी को वाहन पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। इसके बाद वहां खड़े सभी दोपहिया वाहन हटा दिए गए और उनकी जगह व्हीलचेयर तथा स्ट्रेचर रख दिए गए हैं। अब एंबुलेंस से उतरते ही मरीजों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
कोट
आपातकालीन वार्ड के बाहर बनी पार्किंग एंबुलेंस और मरीजों के लिए है। कर्मचारियों को यहां वाहन पार्क करने से रोक दिया गया है। आगे भी इस बात का ख्याल रखा जाएगा, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
डॉ. राकेश पंवार,चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल, सोलन
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में सोमवार को खड़े स्टाफ कर्मियों के वाहन। संवाद