राष्ट्रीय कार्य योजना के तहत भ्रमण का आयोजन
वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ सायरी के 17 सदस्य शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ सायरी के बैनर तले 17 वरिष्ठ नागरिकों के दल ने चंडीगढ़ के दर्शनीय एवं पर्यटन स्थलों के भ्रमण किया। यह भ्रमण राष्ट्रीय कार्य योजना के तहत आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य बुजुर्गों को सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक रूप से सक्रिय बनाए रखना रहा। वरिष्ठ नागरिकों ने ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों का आनंद उठाया।
संघ के अध्यक्ष जगदीश भारद्वाज ने बताया कि इस प्रकार के भ्रमण कार्यक्रम वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। बढ़ती उम्र के साथ सामाजिक दायरा सीमित होने लगता है, ऐसे में इस तरह की यात्राएं बुजुर्गों को एक-दूसरे से जुड़ने, अनुभव सांझा करने और मानसिक प्रसन्नता प्राप्त करने का अवसर देती हैं। उन्होंने बताया कि दल में शामिल कई वरिष्ठ नागरिक पहली बार चंडीगढ़ के प्रमुख स्थलों को देखने पहुंचे, जिससे उनमें विशेष उत्साह देखने को मिला।
भ्रमण के दौरान दल ने सबसे पहले छतबीड़ चिड़ियाघर देखा। वरिष्ठ नागरिकों ने शेर, तेंदुआ, हाथी, दरियाई घोड़ा, मगरमच्छ, भेड़िया, जंगली बिल्ली, बारहसिंगा सहित अनेक वन्य जीवों को नजदीक से देखा। इसके उपरांत दल ने रॉक गार्डन का रुख किया। यहां पद्मश्री नेक चंद द्वारा अपशिष्ट सामग्री से निर्मित अनूठी कलाकृतियों और मूर्तियों को देखकर सभी अभिभूत नजर आए। कई वरिष्ठ नागरिकों ने इस रचनात्मकता की मुक्त कंठ से सराहना की और इसे भारतीय कला का अद्भुत उदाहरण बताया।