बद्दी के वार्ड नंबर 8 हाउसिंग कॉलोनी में रास्तें पर फेंका नालियों का कूड़ा। संवाद
- फोटो : 1
बद्दी में नगर निगम की लापरवाही, हाउसिंग कॉलोनी की गलियों में लगे मिट्टी के ढेर
सांस के मरीजों व बच्चों की सेहत पर पड़ रहा बुरा प्रभाव
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। नगर निगम बद्दी के वार्ड 8 स्थित हाउसिंग कॉलोनी में सफाई व्यवस्था खुद गंदगी का कारण बन गई है। निगम की ओर से नालियों की सफाई तो करवाई गई, लेकिन उनसे निकाली गई गीली मिट्टी और कचरा सड़कों पर ही छोड़ दिया है। अब यह गंदगी सूखकर धूल बन रही है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों का जीना मुहाल हो गया है। स्थानीय निवासी आरबी सिंह, गुलशन, जसदेव सिंह और सुरेश ने बताया कि सफाई कर्मियों ने नालियों से कीचड़ निकालकर सड़क किनारे ढेर लगा दिए। वाहनों की आवाजाही से यह मिट्टी उड़कर घरों के भीतर तक पहुंच रही है, जिससे अस्थमा और सांस के मरीजों व बच्चों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। हालात यह हैं कि लोगों को दिन भर अपने घर की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने पड़ रहे हैं। राजेश, मीना शर्मा का कहना है कि यह मिट्टी अब वापस नालियों में गिरने लगी है। यदि समय रहते इसे नहीं उठाया गया, तो पहली बारिश में ही नालियां फिर से चोक हो जाएंगी और निगम का पूरा पैसा और मेहनत बेकार जाएगी। क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप और बदबू भी लगातार बढ़ रही है।
कोट
मामला संज्ञान में आया है। संबंधित ठेकेदार को सड़क पर पड़ी मिट्टी और कचरे को तुरंत उठाने के आदेश दे दिए गए हैं। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
ई. सुमित आजाद,सहायक अभियंता,नगर निगम,बद्दी