जिले भर में 1.51 पशुओं को लगेगा मुंह-खुर रोग से सुरक्षा का टीका
विभाग का मई तक चलेगा वैक्सीन करने का अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सोलन जिले के पशुओं को जानलेवा मुंह-खुर रोग से सुरक्षित रखने के लिए पशुपालन विभाग ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष टीकाकरण अभियान के शुरुआती 20 दिनों के भीतर ही 15 हजार पशुओं को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। विभाग का लक्ष्य मई माह के अंत तक जिले के सभी 1.51 लाख पशुओं को कवर करना है, ताकि जिले को इस बीमारी से मुक्त रखा जा सके। पशुपालन विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर पशुपालकों के घर-द्वार पर पशुओं का टीकाकरण कर रही हैं। टीकाकरण के साथ-साथ पशुओं की विशिष्ट पहचान सुनिश्चित करने के लिए उनके कानों में टैगिंग भी की जा रही है। पशुपालकों में भी इस अभियान को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है और वे सक्रिय रूप से अपने पशुओं को टीका लगवा रहे हैं। विभाग के उच्चाधिकारी स्वयं फील्ड में उतरकर अभियान की निरंतर निगरानी और निरीक्षण कर रहे हैं। पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. विवेक लांबा ने टीकाकरण के मानकों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि 4 महीने से छोटे बछड़े-बछड़ी और कटड़े-कटड़ी को अभी टीका नहीं लगाया जाएगा। 7 महीने से अधिक की गर्भवती गायों और भैंसों को भी इस अभियान में शामिल नहीं किया गया है। इन विशेष श्रेणियों को छोड़कर अन्य सभी प्रजाति की गाय-भैंसों का टीकाकरण अनिवार्य रूप से किया जा रहा है।
कोट
टीकाकरण ही पशुओं को गंभीर बीमारियों से बचाने का सबसे प्रभावी रास्ता है। पशुपालक विभागीय टीमों का सहयोग करें और सरकारी अभियान के तहत अपने पशुओं का टीकाकरण अवश्य करवाएं ,ताकि भविष्य में होने वाले आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।
-डॉ. विवेक लांबा, उपनिदेशक, पशुपालन विभाग।