संवाद न्यूज एजेंसी बरोटीवाला (सोलन)।
बद्दी-पिंजौर मार्ग पर चरणियां खड्ड पर बन रहे पुल को चालू होने में एक माह का और समय लग सकता है। विभाग ने इस पुल को शुरू करने की तिथि 15 मई निर्धारित की थी लेकिन अभी तक पुल के एप्रोच व रिटर्न वाॅल का कार्य अधूरा है। जिसे पूरा करने में अभी समय लगेगा। बद्दी-पिंजौर मार्ग पर चरणियां खड्ड पर बना पुल दो साल पहले बाढ़ की चपेट में आने से गिर गया था। इसके साथ बालद खड्ड व मंड़ावाला खड्ड पर भी पुलों को भी नुकसान पहुंचा था, लेकिन इन पुलों को चालू हुए एक साल का समय हो गया है लेकिन चरणियां पुल अभी तक चालू नहीं हो पाया है। चरणियां में एनएचएआई ने पुल के साथ कॉज वे बनाया हुआ है। हालांकि पूरी बरसात में सभी वाहन इसी कॉज वे से निकलते रहे। लेकिन यहां पर चढ़ाई व उतराई होने से सामान से लदे ट्रक फंस जाते हैं, इससे जाम लगता रहता है। यहां पर हर रोज ट्रक बीच रास्ते में खड़े होने से लंबा-लंबा जमा लगता है। इस पुल को जल्द तैयार करने के लिए लोग लंबे समय से मांग करते आ रहे हैं। शुरू में यहां पर छोटा पुल बन रहा था। विभाग ने छोटे पुल की ही ड्राइंग पास की थी लेकिन बाद में विभाग ने इसे बड़ा पुल बनाने का फैसला लिया। इससे यहां पर दूसरी बार ड्राइंग बनानी पड़ी और उसे अप्रूवल कराने में काफी वक्त लग गया। उधर, एनएचएआई के प्रोजेक्ट प्रभारी इंजीनियर असलम खान ने कहा क पुल का कार्य लगभग पूरा हो गया है। पुल के एप्रोच का कार्य शेष बचा हुआ है। इसके अलावा पुल के एक ओर रिटर्न वाॅल बन कर तैयार हो गई है। अभी दूसरी ओर बननी बाकी है। जून माह में पुल आवाजाही के लिए ही खोला जाएगा।