दाड़लाघाट में तीन दिवसीय दशहरा उत्सव की सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति देते कलाकार। संवाद
दशहरा उत्सव की सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने बांधा समां
विधायक संजय अवस्थी ने की बतौर मुख्यातिथि शिरकत
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। ग्राम पंचायत एवं दशहरा उत्सव समिति दाड़लाघाट की ओर से आयोजित तीन दिवसीय दशहरा उत्सव का समापन हो गया। अंतिम सांस्कृतिक संध्या में कलाकाराें ने हिमाचली और पंजाबी व हिंदी गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि विशेष अतिथि के रूप में अदाणी सीमेंट के उत्तर क्षेत्र प्रमुख मुकेश सक्सेना और एसीएफ के क्षेत्रीय कार्यक्रम प्रबंधक संजय शर्मा ने उपस्थिति दर्ज करवाई। मुख्यातिथि विधायक संजय अवस्थी ने लोगों को दशहरा की शुभकामनाएं दी और अपनी संस्कृति को सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का आग्रह किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत गुलशन गर्ग ने गीत तेरे बिन नहीं जीना से की। इसके बाद मेरे रश्के कमर और रौनक हो जु कट वे चल मेले नू चलिए जैसे गीतों पर दर्शक झूम उठे। दीक्षा वर्मा ने मोहब्बतां सचियां ने, ओ बे लालिये और लंबरदार बुरा अड़िये गीतों से समां बांध दिया। दाड़लाघाट के ही मास्टर किशोर ने धारा पांदे लगो कुकड़ी और बाड़ू बाड़ा महाराज जैसे भक्तिमय गीतों से कार्यक्रम को आध्यात्मिक रंग दिया। संध्या के अंतिम चरण में सिरमौरी गायक दीपक चौहान ने देवा श्री गणेशा, तेरा मेरा प्यार अड़िये, साहिबा री बीबीये व पहाड़ी नाटियों से पूरी भीड़ को नाचने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान गांव मझेड़ के निवासी अध्यापक कवि बृजलाल शर्मा ने बाघल भाषा में कविता प्रस्तुत कर लोगों की खूब वाहवाही लूटी। वहीं दाड़लाघाट के गायक कलाकार भीम सेन ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।