दाड़लाघाट में मुख्यमंत्री के दौरे से एक घंटा पहले गड्ढे भरते हुए लोक निर्माण विभाग की टीम। संवा
कई माह से बदहाल थी सड़क, लोगों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट(सोलन)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के दाड़लाघाट आगमन से महज एक घंटा पहले स्थानीय एसबीआई बैंक के पास सड़क के गड्ढों को मिट्टी डालकर भरा गया। यह वही सड़क है जो पिछले कई महीनों से बदहाल हालत में थी, लेकिन विभागीय उदासीनता के चलते इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया था। स्थानीय लोगों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद लोक निर्माण विभाग की नजर इस सड़क पर नहीं पड़ी। मगर जैसे ही मुख्यमंत्री का एक दिवसीय दौरा तय हुआ, विभाग ने आनन-फानन में मिट्टी डालकर गड्ढों को अस्थायी रूप से भर दिया। लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या सड़क मरम्मत केवल वीआईपी कार्यक्रम के समय ही जरूरी मानी जाती है। लोगों का कहना है कि आम जनता के लिए स्थायी सुधार की दिशा में कदम उठाना जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।