अर्जुन गोपाल व रंजना रघुवंशी को भी मिली सराहना
हिमाचल उत्सव में चौथी सांस्कृतिक संध्या में हुए कई कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। ठोडो मैदान सोलन में चल रहे 20वें हिमाचल उत्सव की चौथी सांस्कृतिक संध्या डॉ. मदन झालटा की पहाड़ी नाटियों और अर्जुन गोपाल, रंजना रघुवंशी की शानदार गायकी के नाम रही। उन्होंने एक के बाद एक प्रस्तुतियां देकर दर्शक खूब नचाए। वहीं हिंदी गायक राजेश बबलू पहाड़ी, गायक रीना ठाकुर और पहाड़ी गायक प्रताप ठाकुर की प्रस्तुति को भी सराहा गया। इस दौरान देशभक्ति पर आधारित स्कूलों की ग्रुप डांस प्रतियोगिता भी हुई। इस प्रतियोगिता में सब जूनियर, जूनियर और सीनियर मिलाकर कुल 22 डांस पेश किए गए। इसमें सोलन व आसपास के सभी प्रमुख स्कूलों ने अपनी प्रस्तुति दी है। वहीं इस दौरान मुख्यातिथि के तौर पर मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान मौजूद रहे। उनके साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवकुमार, कांग्रेस नेता सुरेंद्र सेठी, मोहन मेहता, सरदार सिंह ठाकुर आदि भी मौजूद थे। नरेश चौहान ने डायनेमिक इंडिया युवा मंडल की इस तरह के आयोजन करने के लिए सराहना की। इस दौरान युवा मंडल के अध्यक्ष पंकज सूद, उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा व महासचिव कीर्ति कौशल ने उनका स्वागत किया।