उपायुक्त ने भीड़ को देखते हुए रात के समय दो घंटे अतिरिक्त समय बढ़ाया
20 अक्तूबर रात तक लागू रहेंगे आदेश, पहले रात 8:00 बजे तक थी रोक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। धनतेरस और दीपावली के चलते सोलन शहर के बाजारों में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन को अपने पुराने आदेश में बदलाव करना पड़ा है। उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने रात के समय में दो घंटे की अतिरिक्त छूट देते हुए मालरोड पर वाहनों की आवाजाही के प्रतिबंध का समय बढ़ा दिया है। अब यह प्रतिबंध रात 10 बजे तक लागू रहेगा, जबकि पहले यह रात 8 बजे तक था। उपायुक्त ने मनमोहन शर्मा ने बताया कि धनतेरस व दीपावली त्योहार के मद्देनजर अत्यधिक भीड़ और किसी भी दुर्घटना से बचाव के लिए पूर्व में जारी आदेशों में आंशिक परिवर्तन किया गया है। संशोधित आदेशों के अनुसार, पुराना उपायुक्त कार्यालय चौक से पुराना बस अड्डा सोलन तक का मालरोड क्षेत्र 18 से 20 अक्तूबर तक पूर्वाह्न 11 से रात्रि 10 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग और आवागमन के लिए पूर्ण रूप से बंद रहेगा। यह आदेश 18 अक्तूबर से तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।
खरीदारी को उमड़ी भीड़, शहर में लगा जाम
शनिवार को सोलन शहर में खरीदारी के लिए लोगों का भारी हुजूम उमड़ा। भीड़ इतनी अधिक थी कि शहर में जगह-जगह जाम की स्थिति बन गई। खासकर अपर बाजार में जगह कम होने के कारण लोगों को 100 मीटर का रास्ता पार करने में भी आधा घंटा लग रहा था, जिसके चलते प्रशासन को यह संशोधित आदेश जारी करना पड़ा।