गुड़ की खीर व घी लगी रोटी से छठी मैया का लगाएंगे भोग
पवित्रता और स्वच्छता का रखा जाता है विशेष ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा में खरना का विशेष महत्व है। चार दिवसीय पर्व के दूसरे दिन व्रतियों ने पूरे दिन निर्जला उपवास रखा और शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर और घी लगी रोटी का प्रसाद ग्रहण किया। खरना के साथ ही छठ व्रत का सबसे कठिन चरण यानी 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया।
खरना का प्रसाद तैयार करने के लिए साठी या अरवा चावल, गाय का दूध, नया गुड़, शुद्ध घी और गेहूं के आटे का इस्तेमाल किया गया। प्रसाद बनाने के लिए मिट्टी के नए चूल्हे और आम की सूखी लकड़ी का प्रयोग किया गया। पूजा में केले के पत्ते, मौसमी फल, धूप, दीप, सिंदूर, अक्षत, गंगाजल और पान-सुपारी भी शामिल किए गए।
पूर्वांचल छठ पूजा वेलफेयर सोसायटी के उपाध्यक्ष पिंटू सिंह ने बताया कि खरना के दिन व्रती सुबह स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करते हैं और पूरे दिन निर्जला उपवास रखते हैं। शाम को मिट्टी के नए चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर गुड़ और चावल से खीर (रसिया) तथा शुद्ध घी लगी रोटी तैयार की जाती है। सूर्यास्त के बाद स्वच्छ और शांत कमरे में केले के पत्ते पर खीर, रोटी और फल रखकर छठी मैया और सूर्य देव को भोग लगाया जाता है।
पूजा के बाद व्रती शांत वातावरण में प्रसाद ग्रहण करते हैं और फिर परिवार के अन्य सदस्यों में प्रसाद वितरित किया जाता है। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाता है। खरना के दौरान पवित्रता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है। प्रसाद में सेंधा या सामान्य नमक का इस्तेमाल नहीं किया जाता। धार्मिक मान्यता के अनुसार, व्रती जब प्रसाद ग्रहण करते हैं तो घर में शांति बनाए रखी जाती है। प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती 36 घंटे तक पानी की एक बूंद भी नहीं पीते।