जिला सोलन पेंशनर एसोसिएशन की मासिक बैठक में दस रुपये के सिक्कों को दुकानों, आटो, बस और बैंकों में न लेने का मुद्दा खूब उछला। वरिष्ठ नागरिकों ने आरोप लगाए कि कुछ शरारती तत्वों की आड़ में शहर में दस के सिक्के लेने की मनाही हो रही है। आलम यह है कि स्थानीय बैंकों के रोजाना कलेक्शन करने वाले लोग दस के सिक्के लेने से मनाही कर रहे हैं। आटो और रेहड़ी फड़ी धारकों के इन्हीं स्थानीय बैंकों की शाखाओं में खाते हैं।
ऐसे में आम लोग परेशान हो रहा है। बैठक की अध्यक्षता डीसी राकेश कंवर ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर कोई भी आटो चालक, निजी बस संचालक या दुकानदार दस का सिक्का लेने से मना करते हैं तो ग्राहक लिखित में शिकायत करें। उन्होंने बैंक प्रबंधनों समेत स्थानीय यूनियनों को आगाह किया कि दस के सिक्कों को लें अन्यथा शिकायत पर कार्रवाई तय है। रिजर्व बैंक जब तक किसी मुद्रा को बंद करने के आदेश न दें कोई भी उसे लेने से इंकार नहीं कर सकता है।
आम लोगों में इसके बारे में जागरूकता की कमी के कारण कुछ असामाजिक तत्व ऐसी अफवाहों को फैलाने में कामयाब होते हैं। लोगों की समस्या को देखते हुए अमर उजाला ने एक अप्रैल को यह समस्या जोरशोर से उठाई थी। इसके बाद प्रशासन सख्ती बरतने जा रहा है। उधर बैठक के दौरान उन्होंने पेंशनर्स संघ के सदस्यों से शहर को साफ सुथरा रखने के लिए कार्य करने की अपील की। उपायुक्त ने कहा कि शहर को साफ रखने में सभी की सहभागिता जरूरी है।
सत्यपाल ठाकुर को किया सम्मानित
बैठक में 83 वर्षीय सत्य पाल ठाकुर को सम्मानित भी किया गया। संघ के अध्यक्ष जयदेव शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द पेंशनर्स को 5,10,15 और 20 प्रतिशत अलाउंस को मूल पेंशन में अधिसूचना जारी करें। इससे प्रदेश के हजारों पेंशनरों को जल्द लाभ मिलेगा। बैठक के दौरान केएल नय्यर, आरसी चंदेल, एलआर ठाकुर, जेआर कश्यप को संघ की लाइफ मेंबरशिप ग्रहण करवाई। बैठक में बिमल वर्मा, जेसी बंसल, सुरेंद्र सिंह ठाकुर, बीएन बाली, मोहन कौंडल, खेम सिंह ठाकुर, श्यामलाल ठाकुर, एसआर गुप्ता, डॉ. केएन ओझा, आरके पठानिया, डॉ. आरपी सोबती समेत कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।