बिग बाजार के पास दुकान में पुलिस की दबिश
ताश के पत्तों पर लगा रहे थे पैसों का दांव
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। पुलिस जिला बद्दी ने जुआ-सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 9 लाख 18 हजार रुपये की नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस थाना बद्दी और स्पेशल सेल की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बिग बाजार के पास एक दुकान में दबिश दी। इस दौरान दुकान के अंदर 10 लोग ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते पाए गए। पुलिस टीम ने मौके से नकदी और ताश के पत्तों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बरामद 9 लाख 18 हजार रुपये की नकदी को जब्त कर लिया है। इस संबंध में पुलिस थाना बद्दी में जुआ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है। पुलिस की ओर से अवैध जुआ और सट्टेबाजी के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।