सुबाथू, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
सुबाथू(सोलन)। पावन सावन माह के द्वितीय सोमवार के अवसर पर छावनी कस्बा सुबाथू पूरी तरह शिवमय नजर आया। सुबह से ही समूचा क्षेत्र बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान रहा। इस पवित्र मौके पर स्थानीय शिवालयों में जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबाथू स्थित ठाकुरद्वारा मंदिर में सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शनों के लिए भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। श्रद्धालुओं ने पवित्र शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर बाबा का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा और चारों ओर भक्ति का माहौल बना रहा। वहीं दूसरी ओर सुबाथू के राम बाग स्थित ऐतिहासिक पंचमुखी शिव मंदिर में भी सावन के दूसरे सोमवार को लेकर भारी उत्साह देखा गया। यहां बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान पंचमुखी शिव की आराधना की।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने झूमते हुए शिव भजनों का गुणगान किया और संपूर्ण माहौल को आनंदमय बना दिया। राम बाग के सेवादार दिनेश शर्मा ने बताया कि धार्मिक अनुष्ठानों और आरती के समापन के बाद दिन में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में सुबाथू और आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया।
लक्ष्मी नारायण मंदिर में उमड़ी सावन भक्तों की भीड़
धर्मपुर (सोलन)। लक्ष्मी नारायण मंदिर में सावन के सोमवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने शिवलिंग पर दूध, दही, बेलपत्र, चंदन और फल अर्पित कर क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना की। पूजा-अर्चना में महिलाओं की विशेष भागीदारी रही। मंदिर के पुजारी त्रिभुवन पांडे ने बताया कि सावन माह शिव भक्ति के लिए अत्यंत पवित्र माना जाता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से पूर्णिमा के सोमवार को ओम नम शिवाय का जाप करने का आह्वान किया। संवाद
शिव तांडव गुफा कुनिहार में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
कुनिहार (सोलन)। श्रावण मास के चौथे सोमवार को अनादिकालीन शिव तांडव गुफा कुनिहार में श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। गुफा विकास समिति व शंभू परिवार द्वारा आयोजित धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गुफानाथ के विशेष पूजन, हवन और महाआरती के साथ हुई। इसके बाद विशाल भंडारे का शुभारंभ हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सुबह 11 बजे नवीन म्यूजिकल ग्रुप सोलन द्वारा सजाई गई भोले बाबा की चौकी में भजनों की बयार बही, जिससे पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयघोषों से गूंज उठा। संवाद
कुनिहार की शिव तांडल गुफा में आयोजित भजन संध्याओं के दौरान दर्शन करने पहुंचे भक्तों की कतारें