अर्की(सोलन)। शालाघाट के अर्जुन खेल मैदान में धर्मपाल मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। स्थानीय विधायक संजय अवस्थी मुख्यातिथि रहे। में मुख्यातिथि ने कहा कि धर्मपाल ठाकुर विकास के नाम से जाने जाते थे। जो विकास की सोच धर्मपाल ठाकुर की थी उसे सोच को वह आगे ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए। युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल की ओर ध्यान देना चाहिए। समिति के अध्यक्ष संजय ठाकुर ने बताया कि 11 नवंबर से शुरू हुई इस क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मैच सौरव एकादश घणागुघाट और बनिया देवी के बीच खेला गया। घणागुघाट ने बनिया देवी टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया। बनिया देवी ने निर्धारित 12 ओवर में 91 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी घणागुघाट की टीम ने 10 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। घणागुघाट टीम को 55,555 रुपये नकद व ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता बनिया देवी को 33,333 रुपये पुरस्कार राशि व ट्रॉफी दी गई।