नालागढ़ के निक्कूवाल में बच्चों को पौष्टिक अहार की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य कार्यकर्ता स्रोत
130 छात्र-छात्राओं ने सीखी हाथ धोने की सही तकनीक, पौष्टिक आहार पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। राजकीय प्राथमिक विद्यालय निक्कूवाल और नानोवाल में बच्चों के सर्वांगीण विकास और बेहतर स्वास्थ्य को समर्पित पोषण एवं स्वच्छता विषय पर विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य नौनिहालों को संतुलित आहार और व्यक्तिगत साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना रहा, जिसमें दोनों स्कूलों के 130 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ता पिंकी वर्मा, सुषमा शर्मा और संगीता चंदेल ने बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली के मंत्र दिए। उन्होंने बताया कि दैनिक भोजन में हरी सब्जियों और मौसमी फलों का समावेश क्यों जरूरी है। विशेषज्ञों ने बच्चों को दूषित जल से होने वाली बीमारियों के बारे में आगाह किया और उनसे बचने के उपाय साझा किए। कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी स्वच्छता का व्यावहारिक प्रशिक्षण रहा। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने बच्चों को हैंड वॉश (हाथ धोने) की सही तकनीक स्टेप-बाय-स्टेप सिखाई। बच्चों को बताया गया कि खाना खाने से पहले और शौचालय के उपयोग के बाद हाथ धोना क्यों अनिवार्य है। निक्कूवाल स्कूल के इंचार्ज अरुण कुमार और नानोवाल के इंचार्ज हंसराज ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की।