जलशक्ति विभाग परवाणू ने मरम्मत के चलते लिया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। परवाणू शहरवासियों को अब हर महीने एक दिन पेयजल आपूर्ति से वंचित रहना पड़ेगा। जलशक्ति विभाग ने निर्णय लिया कि प्रतिमाह एक दिन टैंकों की सफाई, मरम्मत और पंप रखरखाव के लिए निर्धारित किया जाएगा। उस दिन पूरे शहर में पानी की सप्लाई बाधित रहेगी।
जलशक्ति विभाग के जूनियर इंजीनियर राहुल भारद्वाज ने बताया कि यह कदम नियमित आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए उठाया गया है। परवाणू शहर की जलापूर्ति कौशल्या खड्ड पर बने डैम से की जाती है। लगातार बारिश के चलते इसका जलस्तर बढ़ा है। साथ ही गाद की समस्या भी बनी हुई है। यह गाद लिफ्टिंग पंप में फंसकर उसे खराब कर सकती है। इसी कारण विभाग ने तय किया है कि हर माह एक दिन टैंक, पंपों की सफाई और मरम्मत की जाएगी, ताकि बाकी दिनों में निरंतर और साफ जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।