कामली से जंगेशू तक उद्योगों तक भी नहीं पहुंच पाएंगे ट्रक
बसें न चलने से स्कूली बच्चे को परीक्षा में पहुंचा बनेगा चुनौती
छोटे वाहन भी कालका-सीताराम खेड़ा के रूट से होंगे डायवर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। परवाणू-कसौली मार्ग पर टकसाल में रेलवे फाटक की मरम्मत के चलते तीन दिन तक आवाजाही बंद रहेगी। रेलवे बोर्ड की ओर से एलसी गेट नंबर तीन-ए पर सड़क की मरम्मत को लेकर अधिसूचना जारी की है। इसके अनुसार 14 से 16 मार्च तक मरम्मत कार्य के दौरान फाटक बंद रहेगा। इससे उद्योगों के ट्रकों सहित आम लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
फाटक बंद रहने से कामली से जंगेशू के बीच स्थित उद्योगों तक ट्रक नहीं पहुंच सकेंगे। इससे उद्योगों के लिए कच्चे माल की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। साथ ही तैयार माल को गंतव्य तक भेजने में भी दिक्कत आने की आशंका है। ऐसे में उद्योग मालिकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मार्च में उत्पादन लक्ष्य पूरा करने पर भी इसका असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
हालांकि रेलवे बोर्ड की ओर से वाहनों को कालका से सीताराम खेड़ा होते हुए कसौली की ओर डायवर्ट किया गया है, लेकिन इस मार्ग पर केवल छोटे वाहनों की आवाजाही संभव है। बड़े वाहनों के लिए यह मार्ग उपयुक्त नहीं है। इसके अलावा कसौली आने-जाने के लिए बस सेवा भी इस रूट पर उपलब्ध नहीं रहेगी, जिससे लोगों की दिक्कतें और बढ़ सकती हैं। सबसे अधिक परेशानी परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को होने की आशंका है। वहीं उद्योगों में काम करने वाले कर्मचारियों को भी आने-जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है।
चर्चा न करने से उद्योग से नाराज
परवाणू उद्योग संघ के महासचिव सार्थक तनेजा ने कहा कि मार्च में रेलवे विभाग की ओर से उद्योग संघ से बिना चर्चा किए सेक्टर-5 के उद्योगों का मार्ग तीन दिन के लिए बंद करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस समय उद्योगों पर लक्ष्य पूरा करने का दबाव रहता है और ऐसे में मार्ग बंद होने से उद्योगों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। देशभर से बड़े वाहनों में आने वाला कच्चा माल और तैयार माल की ढुलाई प्रभावित होगी।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर, उत्तर रेलवे कालका की ओर से जारी जानकारी के अनुसार सड़क की खराब स्थिति को सुधारने के उद्देश्य से मरम्मत कार्य किया जा रहा है। विभाग ने क्षेत्र के लोगों और वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि असुविधा से बचने के लिए पहले से ही वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।