अर्की के पलोग पंचायत में तीन करोड़ से बनेगी नई पेयजल योजना
सीपीएस ने अर्की के मांजू गांव में बाल दिवस मेले का किया समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/अर्की। मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के व्यक्तित्व से प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना चाहिए। अवस्थी अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पलोग के मांजू गांव में बाल दिवस मेले के अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह में उपस्थित जन समूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू का बच्चों के प्रति प्रेम सर्वविदित है। पंडित नेहरू युवा शक्ति को मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए सदैव क्रियाशील रहे। बच्चों के लोकप्रिय ‘चाचा नेहरू’ के जन्मदिवस पर बाल दिवस का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत पलोग की पेयजल समस्या को दूर करने के लिए विधायक प्राथमिकता के तहत लगभग 3 करोड़ रुपये की नई योजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है। भारी वर्षा के कारण अर्की से मांजू संपर्क मार्ग को हुए नुकसान की मरम्मत के लिए 1.32 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। भूस्खलन से बचाव के लिए शीघ्र ही डंगा भी लगाया जाएगा। उन्होंने डंगा लगाने के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।
अवस्थी ने कहा कि क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण के लिए शीघ्र औपचारिकताएं पूर्ण कर कार्य आरंभ किया जाएगा। उन्होंने महिला मंडल मानन के निर्माण के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने आयोजन समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को 5100 रुपये की राशि अपनी ओर से देने की घोषणा भी की।
उन्होंने इस अवसर पर छात्रों को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जो छात्र इस वर्ष पुरस्कार नहीं जीत पाए वह अगले वर्ष अपनी कमियों को दूर कर आगे आने का प्रयास करें। अवस्थी ने वॉलीबाल प्रतियोगिता में विजेता एनवाईसी बणी को 7100 रुपये, पुरस्कार और उप विजेता दाड़लाघाट की टीम को 5100 रुपये और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कबड्डी प्रतियोगिता में विजेता बिलासपुर को 11 हजार रुपये, और उप विजेता समोत की टीम को 7100 रुपये और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने इस अवसर पर विभिन्न जन समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों का निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर खंड कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, खंड कांग्रेस समिति अर्की के कोषाध्यक्ष रोशन वर्मा, ग्राम पंचायत पलोग के प्रधान नरेंद्र कुमार, उप प्रधान तिलक राज, व्यापार मण्डल अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, नगर पंचायत अर्की की पूर्व अध्यक्ष सीमा शर्मा, मेला समिति के प्रधान लोकेंद्र चौहान, तहसीलदार अर्की रमन ठाकुर सहित अन्य अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पलोग के मांजू गांव में बाल दिवस पर आयोजित वितरण समारोह म