शिक्षा से वंचित रहने वाले बच्चों की तैयार की जाएगी रिपोर्ट
इससे पहले जिले में शिक्षा विभाग ने 1500 बच्चों की बनायी थी सूची
जिले के सभी खंडों में चल रहे आउट ऑफ स्कूल के 21 शिक्षा केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। आउट ऑफ स्कूल के लिए जिले में फिर से सर्वे शुरू किया जा रहा है। इससे पहले भी विभाग की ओर से सर्वे किया गया था, जिसमें करीब 1500 बच्चों की सूची भी तैयार की गई है। जिले में आउट ऑफ स्कूल के 21 शिक्षा केंद्र चल रहे हैं। इनका जिम्मा एक निजी संस्था को सौंपा गया है। यह संस्था बच्चों को शिक्षा प्रदान करने में सहायता प्रदान कर रही है। समग्र शिक्षा के तहत शिक्षा से वंचित बच्चों को चिह्नित कर विद्यालयों में उम्र के हिसाब से दाखिला दिलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार इस योजना के तहत बच्चों को किस स्कूल में कौन सी कक्षा में दाखिला कराया गया है, इसका रिकार्ड समग्र शिक्षा के प्रबंधक पोर्टल पर अपलोड होगा। बच्चों को मिड-डे मिल, वर्दी, जूते, किताबें भी समग्र शिक्षा के तहत प्रदान करवाई जाएंगी। जबकि निजी संस्था की ओर शिक्षा प्रदान करने के लिए कमरा और स्टाफ मुहैया कराया जाएगा। इसमें शिक्षा विभाग की ओर से भी शिक्षकों की तैनाती की जाएगी। उधर, डाइट सोलन के प्रिसिंपल एवं शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा डॉ. शिव कुमार शर्मा ने बताया कि आउट ऑफ स्कूल को लेकर दोबारा सर्वे किया जा रहा है। जिसमें छूट गए बच्चों को भी शामिल किया जाएगा। इसका निरीक्षण भी किया जाएगा। वर्तमान में इन शिक्षण संस्थानों में करीब 1500 बच्चे शिक्षा ले रहे हैं।