भटोली गांव में टाईलों की गुणवत्ता खराब होने से सड़क से उखाड़ते हुए टाईलें- संवाद।
टाइलों की जांच करवाने के बाद अब यहां पर दोबारा शुरू होगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। बरोटीवाला क्षेत्र में यूनिकैंप चौक से भटोली धोल घटी मार्ग पर घटिया क्वालिटी की टाइलें लगाए जाने का स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया। विरोध के बाद बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण (बीबीएनडीए) के अधिकारियों को टाइलों को उखाड़ना पड़ा। अब यहां पर आईएसआई मार्का की नई टाइलें लगाई जाएंगी। यूनिकैंप चौक से भटोली धोल घटी तक बीबीएनडीए की ओर से यह मार्ग पक्का किया जा रहा है, जिस पर 30 लाख व्यय होने हैं। मंगलवार सुबह जब ठेकेदार द्वारा काम शुरू किया गया, तो इंटक फेडरेशन के प्रदेशाध्यक्ष विक्रम ठाकुर और अन्य स्थानीय लोगों ने देखा कि मार्ग पर लगाई जा रही टाइलों पर न तो आईएसआई मार्का था और न ही वे मजबूत थीं। टाइलें लगाते समय ही टूट रही थीं। विक्रम ठाकुर के नेतृत्व में महासचिव हरबंस ठाकुर, मंजीत सिंह, भीम सिंह, राजेंद्र, मनू, काकू, राकेश, दीपक चावला समेत दर्जनों लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत काम रोक दिया। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत बीबीएनडीए के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही बीबीएनडीए से जेई मौके पर पहुंचे, जिन्होंने निरीक्षण के बाद उच्च अधिकारियों को बताया कि मार्ग पर आईएसआई मार्का की कोई टाइल नहीं है। इस रिपोर्ट के बाद, काम को रुकवा दिया गया और लगाई गई टाइलों को उखाड़ना शुरू कर दिया गया। विक्रम ठाकुर ने कहा कि अगर लोग जागरूक नहीं होते तो यह मार्ग खराब टाइल से बन कर तैयार हो जाता और कुछ ही दिनों बाद भारी वाहन चलने से फिर से खराब हो जाता। पहले ही कई वर्षों से इस मार्ग की रिपेयर हो रही है। उधर, बीबीएनडीए के अधिशासी अभियंता सुमित आजाद ने बताया कि सूचना मिलने पर जेई को मौके पर भेजा गया था। अब इन टाइलों की पहले जांच होगी, जिसके बाद नए सिरे से गुणवत्तापूर्ण काम शुरू कराया जाएगा।