राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घनागुघाट में वार्षिक समारोह के दौरान प्रस्तुति देते हुए विद्यर
- फोटो : बिछिया बाजार में मकान से अजगर का रेस्क्यू करता वनकर्मी।
घनागुघाट स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में स्वास्थ्य मंत्री ने बढ़ाया हौसला, नशे से दूर रहने का आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/अर्की। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य युवाओं को उत्तरदायी नागरिक बनाना है। डॉ. शांडिल सोमवार को अर्की उपमंडल क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनागुघाट में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने खेलकूद व शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नशा समाज के लिए आज एक चुनौती बन गया है। इस चुनौती से निपटने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने सभी से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित बनाने का आग्रह किया। डॉ. शांडिल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को अपनी ऐच्छिक निधि से 11 हजार रुपये की राशि देने की घोषणा की। संजय अवस्थी ने खेलकूद प्रतियोगिता तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भाग लें। विधायक ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को अपनी ऐच्छिक निधि से 5100 रुपये और आयोजन समिति को 21 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की। डॉ. शांडिल और संजय अवस्थी ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनी और इनके शीघ्र निपटारे के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। डॉ. शांडिल और संजय अवस्थी ने स्थानीय स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा हिन्दी व अंग्रेजी माध्यम से लिखित पुस्तकों का विमोचन भी किया। इस अवसर पर डॉ. शांडिल ने इससे पूर्व ग्राम पंचायत घनागुघाट में स्थानीय विधायक संजय अवस्थी के साथ एक करोड़ 27 लाख 30 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित स्वास्थ्य केंद्र के भवन का लोकार्पण भी किया।