बद्दी के स्कूल में बच्चों को नशे के प्रति जागरूक करते हुए डीएसपी योगराज चंदेल-स्रोत- स्कूल।
उप पुलिस अधीक्षक ने दो शिक्षण संस्थानों में किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। नशा मुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण के उद्देश्य से पुलिस जिला बद्दी की ओर से चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत डीएसपी योगराज चंदेल ने बसंती बाग के ग्रीन एप्पल स्कूल और भुड्ड स्थित भोजिया विद्यापीठ में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को संबोधित किया।
उप पुलिस अधीक्षक योगराज चंदेल ने विद्यार्थियों को चिट्टा/हेरोइन सहित अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव, नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान और युवाओं के भविष्य पर इसके गंभीर प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, अच्छे संस्कार अपनाने, कानून का सम्मान करने व अपने परिवार और समाज को भी नशा मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की नशा तस्करी अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवा वर्ग नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सके।