बद्दी के सेंट बीयर्स इंटरनेशनल स्कूल में कार्यक्रम पेश करते हुए स्कूली छात्र- स्रोत- स्कूल।
सेंट बीर्स स्कूल के खेल उत्सव में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी के सेंट बीर्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेल उत्सव का रविवार को शानदार समापन हुआ। समापन समारोह में अंतरराष्ट्रीय कोच संजीव ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर एशियन गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट साक्षी शर्मा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। खेल समारोह के दूसरे दिन मार्शल आर्ट और ताइक्वांडो के प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कोच सुरेश कुमार के मार्गदर्शन में बच्चों ने आग के गोलों के बीच से छलांग लगाई और जलती हुई टाइलों को तोड़कर अपनी बहादुरी का परिचय दिया। इन साहसिक करतबों को देखकर मैदान में मौजूद अभिभावक और अतिथि अचंभित रह गए। दूसरी से नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों के बीच विभिन्न रोचक प्रतियोगिताएं करवाई गईं। बच्चों ने चिकन रेस, लेमन रेस, हुला हूप स्किपिंग, पुशअप एंड कलेक्ट बॉल्स और 100 व 200 मीटर दौड़ में अपनी प्रतिभा दिखाई। इसके अलावा स्केटिंग, जुम्बा डांस और योगा की प्रस्तुतियों ने भी खूब तालियां बटोरीं।