समाज को नशा-मुक्त अभियान से जोड़ने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सायरी और पुलिस स्टेशन सायरी के तत्वावधान में छात्रों ने सायरी बाजार और आसपास के क्षेत्रों में नशे के विरुद्ध जनचेतना रैली निकाली। रैली अध्यापकों और पुलिस स्टाफ के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। रैली में छात्रों ने नशा-मुक्ति के संदेश देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया।
वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ सायरी के मुख्य सलाहकार राकेश मेहता और वरिष्ठ नागरिकों ने प्रतिभागियों का करतल ध्वनि से अभिवादन कर मनोबल बढ़ाया। प्रधानाचार्य इंदु शर्मा ने कहा कि समय की मांग है कि समाज एकजुट होकर युवा पीढ़ी को नशे की कोढ़ रूपी बुराई से बचाने के लिए आगे आए। सरकारी प्रयासों को समर्थन देकर और सामूहिक भागीदारी निभाकर ही नशे के सभी स्वरूपों को समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नशा-मुक्त युवा ही उज्ज्वल भारत और शिक्षित समाज की नींव रखेंगे और विकसित भारत 2047 के निर्माण में गौरवपूर्ण योगदान देंगे।