घरेड़ स्कूल में नशामुक्ति पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घरेड़ में नशामुक्ति और नशा तस्करी के दुष्प्रभावों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता भी करवाई गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशे के खिलाफ अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में करण चंदेल और रूपम ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि स्वाति द्वितीय और हिमांश तृतीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम का संचालन कंप्यूटर प्रवक्ता ममता रानी ने किया। कार्यक्रम में रसायन विज्ञान प्रवक्ता चंद्र भागा, राजनीति विज्ञान प्रवक्ता प्रतिभा कौशल, किरण, करण, राजीव और प्रधानाचार्या रेनू रामपाल ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। सभी ने युवाओं को नशे से दूर रहने और नशा तस्करी के खिलाफ जागरूक रहने का संदेश दिया। अंत में विद्यार्थियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के प्रति जागरूक करने की शपथ ली।