बद्दी पुलिस की मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने पुलिस अधिकारियों को दिए निर्देश
युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने को भी कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी पुलिस की मासिक अपराध समीक्षा बैठक में लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश जारी किए गए। साथ ही नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और खुफिया सूचना तंत्र को सुदृढ़ करने को भी कहा गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसपी विनोद धीमान ने अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव, समस्याएं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दे साझा करने को कहा। अधिकारियों की ओर से प्रस्तुत मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए। जिले में लंबित केस फाइलों की गहन समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को मामलों का शीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित करने के सख्त आदेश दिए गए। एसपी ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की सख्त निगरानी, नशा तस्करी में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, खुफिया सूचना तंत्र को सुदृढ़ करने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए निरंतर जागरूकता अभियानों के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा के लिए ओवर स्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। बैठक में रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने, महिला सुरक्षा उपायों को मजबूत करने और साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए कार्य योजना भी साझा की गई। बैठक में उपमंडलीय पुलिस अधिकारी नालागढ़, पुलिस उपाधीक्षक बद्दी, सभी थाना और चौकी प्रभारी, ट्रैफिक प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
उत्कृष्ट काम करने वाले पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित
बैठक के अंत में एसपी विनोद धीमान ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मचारियों को सीसी-3 प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सम्मान पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने के साथ अन्य कर्मियों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस भविष्य में भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रहेगी।
बद्दी के पुलिस अधीक्षक बेहतर कार्य करने वाली बद्दी पुलिस के अधिकारियों को सम्मानित करते हुए- स्