पांच मीटर तक लगेगा डंगा, बाद में होगी सीमेंट कलाउडिंग
कंपनी ने शुरू किया काम, बरसात से पहले पूरा करने का लक्ष्य
अगस्त में ढह गई थी सड़क, आवाजाही भी रही थी बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर चक्कीमोड़ में नौ माह बाद सड़क की मरम्मत करने का कार्य शुरू हो गया है। इस कार्य को दो अलग-अलग कंपनियां कर रही हैं। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने चक्कीमोड़ की ड्राइंग का कार्य भी सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड (एसजेवीएनएल) को दिया है। हालांकि इस ड्राइंग पर अंतिम मंजूरी अभी आना बाकी है। लेकिन मृदा सैंपलों के बाद यहां पर प्रारंभिक कार्य फोरलेन निर्माण कंपनी की ओर से किया जा रहा है। पहाड़ी को टिकाने के लिए कंपनी ने डंगा निर्माण करने का काम शुरू कर दिया है। करीब पांच मीटर में पहाड़ी पर डंगा लगाया जाएगा। इसके बाद दूसरी कंपनी पहाड़ी पर सीमेंट से कलाउडिंग करेगी। भविष्य को देखते हुए एनएचएआई ने प्लान तैयार किया है ताकि फिर इस प्रकार की दिक्कत सड़क पर न आए। वहीं दोनों कंपनियों को कार्य आगामी बरसात से पहले पूरा करने के लिए कहा है।
गौर रहे कि परवाणू-सोलन फोरलेन में बीती बरसात में काफी नुकसान हुआ था। चक्कीमोड़ के समीप एक अगस्त को बारिश के दौरान सड़क ढह गई थी। इसके बाद यहां से वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से बंद हो गई। करीब एक सप्ताह के बाद यहां पर फोरलेन निर्माता कंपनी की ओर से पहाड़ से आई मिट्टी को हटाकर अस्थाई सड़क का निर्माण किया गया। लेकिन बीच-बीच में फिर से सड़क बंद होती रही। वर्तमान में यहां पर आवाजाही ठीक चल रही है। लेकिन सड़क अस्थाई रूप से ही चल रही है। आगामी बरसात के तीन माह बाकी रह गए हैं। लेकिन चक्कीमोड़ में अभी भी हाल काफी खराब है। एक ही लेन से दोनों तरफ के वाहन आ-जा रहे हैं। कार्य को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने एसजेवीएनएल के साथ करार भी किया। डंगे का कार्य पूरा होने के बाद सड़क की मरम्मत शुरू होगी।
इनसेट
क्यों दिया है कार्य
एनएचएआई के अधिकारियों का मानना है कि एसजेवीएनएल प्रदेश में काफी समय से कार्य कर रही है। इसलिए कंपनी को पहाड़ों और स्टाटा की काफी जानकारी है। कंपनी के साथ करार होने के बाद आगे का कार्य शुरू हो गया है। एनएचएआई की ओर से ड्राइंग बनाकर भी दी गई है। वहीं मौके पर लिए गए मृदा सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए थे।
इनसेट
चक्कीमोड़ में डंगा लगाने का कार्य शुरू हो गया है। आगामी दिनों में एसजेवीएनएल से भी सड़क मरम्मत के लिए ड्राइंग को मंजूरी मिल जाएगी। बरसात से पहले कार्य पूरा करने का लक्ष्य है। संबंधित कंपनियों को कार्य तरीके से समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
-आनंद दहिया
प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई