क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में सहायता कक्ष और सराय का लोकार्पण वीरवार को उपायुक्त सोलन राकेश कंवर ने किया।
- फोटो : Demo Pic
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में सहायता कक्ष और सराय का लोकार्पण वीरवार को उपायुक्त सोलन राकेश कंवर ने किया। इसमें रोगियों के साथ आने वाले लोगों के लिए 6 बिस्तरों की सुविधा आरंभ की है। शुरुआत में यहां केवल पुरुष ही ठहर पाएंगे।
यह सुविधा भी केवल उन्हीं रोगियों के तिमारदारों को मिलेगी जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया है। उन्होंने कहा कि इस सराय में ठहरने वाले लोगों से 30 रुपये प्रति बिस्तर के हिसाब से शुल्क लिया जाएगा। गरीब और जरूरतमंद रोगियों को यह शुल्क नहीं देना पड़ेगा। इनका शुल्क जिला रेडक्रास समिति द्वारा दिया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि जिला रेडक्रास समिति पीड़ित मानवता की सेवा में सराहनीय कार्य कर रही है। आम लोगों से आग्रह किया कि रेडक्रास समिति को उदारतापूर्वक अंशदान दें। इसके अलावा उन्होंने बताया कि इस सहायता कक्ष को जिला रेडक्रास समिति की महिला शाखा द्वारा आरंभ किया है।
यह सहायता कक्ष अस्पताल के कमरा नंबर 124 में शुरू किया है। सराय एवं सहायता कक्ष में रेडक्रास समिति में स्वयंसेवी उपलब्ध रहेंगे। सराय में ठहरने के लिए अनुशंसा चिकित्सा अधीक्षक अथवा जिला रेडक्रास समिति के सहायता कक्ष से की जाएगी। इस अवसर पर जिला रेडक्रास समिति के विभिन्न आजीवन सदस्य, पैट्रन, वाइस पैट्रर्न, सदस्य, सहायक आयुक्त एवं सचिव रेडक्रास समिति छवि नांटा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. आरके दरोच, अन्य चिकित्सा अधिकारी, स्टाफ नर्स और अस्पताल के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।