बद्दी, रामशहर और कंडाघाट शिक्षा खंड के तहत हो रही प्रतियोगिता
तीन दिनों तक 1300 खिलाड़ी विभिन्न खेल प्रतियोगिता में बहाएंगे पसीना
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। उप निदेशक उच्च शिक्षा कार्यालय सोलन द्वारा आयोजित अंडर-19 बालकों की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का शनिवार शुभारंभ हो गया। तीन दिवसीय यह स्पर्धाएं 22 से 24 अगस्त तक चलेंगी, जिसमें जिले के बद्दी, रामशहर और कंडाघाट जोन के लगभग 1300 खिलाड़ी अपना दम दिखा रहे हैं।
प्रतियोगिता के पहले दिन सभी खंडों में खिलाड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। सुबह की बेला में हुए उद्घाटन समारोह के बाद दोपहर बाद अन्य खेल स्पर्धाओं के रोमांचक मैच खेले गए। इसमें कंडाघाट जोन के मुकाबले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल सायरी में आयोजित हो रहे हैं, बद्दी जोन की प्रतियोगिताएं बद्दी स्कूल परिसर में खेली जा रही हैं, रामशहर जोन की खेल मुकाबले रामशहर में आयोजित किए जा रहे हैं। इस ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में केवल बालक वर्ग के खिलाड़ी ही भाग ले रहे हैं, जिसमें वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी और बैडमिंटन के कड़े मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। शिक्षा विभाग ने जिले के प्रत्येक स्कूल की भागीदारी अनिवार्य की है, जिसके तहत हर संस्थान कम से कम एक खेल स्पर्धा में हिस्सा ले रहा है। शिक्षा उपनिदेशक उच्च शिक्षा मधु जनारथा ने बताया कि सभी खंडों में प्रतियोगिताओं का सफल शुभारंभ हो चुका है और व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारू हैं।