परख शिक्षा सर्वेक्षण को लेकर शिक्षा विभाग की तैयारी
कमजोर बच्चों के लिए जीरो पीरियड लगाने भी निर्देश
खंड और जिलास्तर की गठित टीमें लेगी स्कूलों का जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद और परख देश समेत प्रदेश के विद्यार्थियों के टेलेंट को परखेगी। इसके लिए स्कूलों का मूल्यांकन शुरू किया जा रहा है। शिक्षा स्तर को मजबूत और बेहतरीन बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने कसरत तेज कर दी है। जिसके तहत जिला सोलन में सभी स्कूलों को परख सर्वेक्षण सर्वे के तहत बच्चों को तैयार करने के लिए 20 दिनों तक विशेष अभ्यास सत्र आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। इस दौरान अध्यापक निजी और सरकारी स्कूलों में बच्चों के जीरो पीरियड लगाकर उन्हें परीक्षा के लिए तैयार करेंगे।
जानकारी के अनुसार प्रदेश में शिक्षा स्तर में सुधार लाने के लिए शिक्षा विभाग सख्त हो गया है। इसके तहत विभाग ने खंड और जिलास्तर पर पांच सदस्यों की टीमें गठित की हैं। यह टीमें स्कूलों में जाकर परख को लेकर विद्यार्थियों की तैयारियों का भी जायजा ले रही हैं। इसके अलावा कमजोर विद्यार्थियों को बेहतर बनाने के लिए जीरो पीरियड भी लिए जा रहे हैं। वहीं अब जिले में बीस दिन तक इस सर्वेक्षण को लेकर विशेष अभ्यास सत्र का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बच्चों की तैयारियों का जायजा लेकर उनकी कमियों को दूर करने के लिए कार्य किया जाएगा।
19 नवंबर को आयोजित होने वाले परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण मॉक टेस्ट तीन में सरकारी के साथ निजी स्कूल भी भाग लेंगे। इसमें सभी निजी स्कूलों को पत्र भी जारी हो चुके हैं। उधर, शिक्षा उपनिदेशक उच्च शिक्षा एवं समग्र शिक्षा परियोजना अधिकारी जिला सोलन डॉ. जगदीश चंद नेगी ने बताया जिला समग्र शिक्षा विभाग ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। बेहतरी परिणाम देने के लिए सभी स्कूलों में बीस दिन तक विशेष अभ्यास सत्र आयोजित करने के निर्देश जारी किए है। जिसका जायजा लेने के लिए खंड और जिलास्तर पर टीमें भी गठित की गई है। सरकारी और निजी स्कूल सर्वे के लिए विशेष पीरियड भी लगाने होंगे। ऐसा न करने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।