बोहली पंचायत के बधाल गांव में 3500 बंडल घास के राख
संवाद न्यूज एजेंसी
कसौली (सोलन)। विधानसभा क्षेत्र कसौली की बोहली पंचायत के बधाल गांव में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे करीब 50 हजार रुपये का घास जल गया। बिजली की हाई टेंशन (एचटी) लाइन की तार टकराने से आग लगी। तार से चिंगारी नीचे रखे घास के भंडार पर गिर गई।
घटना में बधाल गांव निवासी जयकिशन की ओर से पशुओं के लिए एकत्रित किए करीब 3500 बंडल (पूले) घास जलकर राख हो गए। जयकिशन ने बताया कि उनके घर के ऊपर से गुजर रही एचटी बिजली लाइन के तार आपस में टकरा गए। इससे उत्पन्न स्पार्किंग कुछ ही पलों में नीचे जमीन पर रखी घास पर जा गिरी। देखते ही देखते आग ने पूरे घास के ढेर को अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों पास रखे घास के ढेरों को अलग कर दिया। इससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन और हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड से मांग की है कि क्षेत्र से गुजर रही बिजली लाइनों की नियमित जांच और उचित रखरखाव कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।