संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। बद्दी के औद्योगिक क्षेत्र थाना में इलेक्ट्रिकल का सामान तैयार करने वाली कंपनी को पुलिस अधीक्षक ने नोटिस जारी किया है। यहां पर कंपनी के सामने ट्रक चालक को अगवा करके उससे हजारों रुपये की लूट की गई थी। ट्रक कंपनी के सुरक्षा कर्मी की देखरेख में खड़ा किया हुआ था। पुलिस ने कंपनी से इस लापरवाही के लिए जवाब मांगा है। 8 अप्रैल को कंपनी के गेट के साथ बाहरी राज्य का ट्रक कंपनी का सामान खाली करने के लिए दो दिन से खड़ा किया हुआ था। ट्रक चालक रात को ट्रक में सोया हुआ था। अचानक एक गाड़ी आई और इसमें पुलिस की वर्दी में दो लोग सवार थे। इन कथित पुलिस कर्मियों ने पहले ट्रक चालक को बाहर निकाला और सड़क के किनारे नो पार्किंग में ट्रक खड़ा करने पर उसे जबरन कार में बिठा लिया और उसके साथ मारपीट की। पहले ट्रक चालक से 10 हजार रुपये छीने और उसके बाद उसके फोन से चंडीगढ़ के एक पेट्रोल पंप पर 30,500 रुपये स्वाइप करवाए। पुलिस अधीक्षक ने नोटिस जारी करके कंपनी संचालकों से जवाब मांगा है कि उस दिन गेट पर किसकी ड्यूटी थी। साथ ही सीसीटीवी की फुटेज भी मांगी और कंपनी से यह भी पूछा गया कि बाहर से आने वाले ट्रकों की पार्किंग के लिए उनके पास क्या व्यवस्था है। उधर, एसपी विनोद धीमान ने नोटिस देने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने कंपनी से एक सप्ताह के भीतर जवाब देने की कहा है।