संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। बद्दी के थाना व बरोटीवाला में ट्रक चालकों से फर्जी पुलिस कर्मी बनकर लूटपाट करने वाले आरोपी को पुलिस ने पंजाब के मोहाली के मुल्लापुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फतेह सिंह को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है। एसपी विनोद धीमान ने बताया कि इन आरोपियों के पास हरियाणा नंबर की गाड़ी थी जिसके स्थान पर उन्होंने एचपी नंबर प्लेट लगाई। इस गाड़ी का यह चोरी करने में उपयोग करते रहे। जब यह ट्रक चालक को पकड़ते थे तो यू-ट्यूब पर पुलिस की साइट चला लेते थे, जिससे ट्रक चालकों को विश्वास हो जाता था कि यह पुलिस के लोग हैं। पुलिस के अनुसार इसका दूसरा साथी हरियाणा के मंडावाला का रहने वाला है। इसे जल्द ही दबोच लिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने बताया कि पिछले 6 अप्रैल बद्दी में एक ऐसा गिरोह सक्रिय हो रहा था जो पुलिस की वर्दी पहनकर बाहरी राज्यों के ट्रक चालकों को नो पार्किंग के नाम पर मारपीट व लूटपाट कर रहा था। इन आरोपियों ने 6 अप्रैल को झाड़माजरी में एक ट्रक चालक से पांच हजार रुपये लूटे। 8 अप्रैल को थाना गांव में एक ट्रक चालक से 10 हजार रुपये नकद और 31 हजार रुपये ऑनलाइन लेकर मोबाइल भी छीन लिया था। पेट्रोल पंप में ऑनलाइन पैसे देकर उनसे कैश लिया था। इन आरोपियों ने पेट्रोल पंप पर यह बोलकर पैसा लिया कि उनका कोई रोगी पीजीआई में भर्ती है। यहां पर 30,500 रुपये ले लिए। 12 अप्रैल को थाना गांव में एक और घटना हुई, इसमें राजस्थान के ट्रक चालक के साथ लूटपाट की। इस चालक का एटीएम का यूज करके 40 हजार रुपये निकाले व 2,200 रुपये कैश लूटा। इसी दिन झाड़माजरी में दिन के समय एक ट्रक चालक से 10 हजार रुपये छीन लिए। पुलिस ने बद्दी में दो व झाड़माजरी में एक मामला दर्ज कर इसकी छानबीन की। पुलिस ने इस मामले के लिए सीसीटीवी, साइबर व मुख्य आरक्षी नारायण की देखरेख में तीन टीमें बनाई। पुलिस ने इस मामले में चंडीगढ़ से मुल्लापुर के फतेह सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।