बद्दी में सूंडी ने मूली पर किया हमला।
- फोटो : अमर उजाला
बीबीएन में मूली के बीज तैयार करने वाले किसानों की उम्मीदों पर सूंडी ने पानी फेर दिया है। वर्तमान में किसान की फसल पर सूंडी ने हमला कर उसे पूरी तरह से खराब कर दिया है।
बीबीएन में किसान मूली का बीज तैयार करते हैं। किसानों ने नेशनल फीड कारपोरेशन से मंहगा बीज खरीदकर लगाया। किसानों को उम्मीद थी कि बीज तैयार करके अच्छी कमाई करेंगे लेकिन वर्तमान में किसानों की फसल में सूंडी का प्रकोप हो गया है।
इससे किसान चिंतित हैं। मझौली के किसान यशवंत, सुच्चा सिंह, ढांग के गुरजीत सिंह, खेड़ा के अवतार सैणी, मेसा टिब्बा के जय किशन, मलपुर के दर्शन सिंह और गुरदास ने बताया कि उन्होंने मूली का बीज तैयार करने के लिए पौध लगाई थी लेकिन वर्तमान में इन पौधों पर सूंडी ने हमला कर दिया है। रातोंरात उनके खेत चट कर लिए है।
किसानों ने बताया कि इस क्षेत्र की मिट्टी और जलवायु मूली के बीज तैयार करने के लिए अनुकूल है और किसान बीज बेच कर अपनी रोजी रोटी जुटा लेते है लेकिन सूंडी ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। कृषि विभाग के एडीओ डॉ. रविंद्र शर्मा ने बताया सूंडी के प्रकोप की पुष्टि करते हुए बताया कि तापमान के कम ज्यादा होने से ऐसा हुआ है। किसानों से कहा कि वह साईफर मेथरीन 25 फीसदी ईसी 60 एमएल 15 लीटर पानी में घोल कर फसल पर इसका छिड़काव करें। ऐसा करने से किसानों को सूंडी से राहत मिलेगी।