नालागढ़ के दभोटा गांव में स्थित सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के गेट पर धरने पर बैठी महिलाएं- संव
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने प्लांट से निकलने वाले पानी के लिए सैंपल
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ के दभोटा, माजरा व बसोट गांव की महिलाओं ने सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट से निकलने वाले प्रदूषण को लेकर दूसरे दिन भी कंपनी के गेट पर धरना प्रदर्शन किया। वहीं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने प्लांट से निकलने वाले पानी का सैंपल लिया और इसकी रिपोर्ट जांच करने के लिए प्रयोगशाला भेज दी है। जब तक रिपोर्ट नहीं आती है तब तक प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने इस प्लांट को 21 दिन के लिए बंद कर दिया है।
माजरा, दभोटा व बसौट के लोग सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट से निकलने वाले प्रदूषण से काफी परेशान हैं। महिलाएं का कहना है कि पलासड़ा की एक दवा कंपनी का कचरा और दूषित पानी आने के बाद से गांव में सांस लेने परेशानी बढ़ गई है। धरने पर बैठी महिलाओं ने बताया कि प्लांट के कारण मक्खी-मच्छर फैल गए हैं और महामारी का खतरा भी बन गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक प्लांट को पूरी तरह बंद नहीं किया जाता, वे आंदोलन जारी रखेंगी। महिलाओं ने बताया कि नालागढ़ से एसडीएम नरेंद्र आहलुवालिया ने मंगलवार को प्लांट का निरीक्षण किया और उन्होंने देखा की किस तरह से यहां पर गंदगी फैल रही है।
स्थानीय विधायक हरदीप बावा भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के साथ खिलवाड़ करने का किसी को अधिकार नहीं है। रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विधायक ने बताया कि ग्रामीण स्वयं भी सैंपल लेकर जांच करवा सकते हैं।
नालागढ़ के दभोटा गांव में स्थित सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के गेट पर धरने पर बैठी महिलाएं- संव