संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ शहर में स्थित शीतला माता मंदिर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मंगला दे मेले शुरू हो गए हैं। ये मेले हर साल ज्येष्ठ महीने के ज्येष्ठ मंगलवार से शुरू होते हैं और महीने के सभी मंगलवारों को आयोजित होते हैं। आम तौर पर महीने में चार मंगलवार होते हैं किंतु कई बार पांच मंगलवार भी आते हैं। पहला मंगलवार होने के कारण भीड़ अपेक्षाकृत कम रही। लोग ग्रामीण क्षेत्रों से सुबह सूरज निकलने से पहले माथा टेक कर वापस चले जाते हैं। नालागढ़ उपमंडल के सभी क्षेत्रों के लोग यहां माता का आशीर्वाद लेकर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। शीतला माता का यह मेला रामशहर रोड पर प्राचीन शीतला माता मंदिर में लगता है, जहां श्रद्धालु घर से गुलगुले, कचोरी आदि पकवान बनाकर माता के चरणों में अर्पित करते हैं और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते है। शीतला माता मंदिर के पुजारी मोहन दास ने बताया की सैकड़ों श्रद्धालु यहां माथा टेकने आते हैं। प्रमुख मेला तीसरे मंगलवार को होता है। उस दिन प्रशासन की ओर से उपमंडल स्तर पर स्थानीय घोषित रहता हैं।