जिला शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को जारी किए निर्देश
हर स्कूल को बनाना होगा अपना डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले के स्कूलों में अब रोजाना प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को आपदा के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए दस मिनट की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। खंड शिक्षा अधिकारी सोलन ने सभी स्कूलों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार स्कूलों को अपने विद्यालय में आपदा के दौरान विद्यार्थियों और कर्मचारियों के बचाव, प्राथमिक उपचार और अन्य आपातकालीन व्यवस्थाओं का योजना (प्लान) तैयार करना होगा। इसमें स्कूल में प्रवेश और आपातकाल द्वार, आग से निपटने वाले यंत्र और भारी सामान रखने की व्यवस्था जैसी जानकारियों को शामिल करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, प्रत्येक स्कूल में आपदा कमेटी गठित करना जरूरी होगा, जिसमें शिक्षक, एसएमसी सदस्य और विद्यार्थी शामिल होंगे। विद्यार्थियों को आपदा के समय निपटने के लिए विभिन्न गतिविधियों जैसे चित्रकला, भाषण और अन्य रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। प्रारंभिक खंड शिक्षा अधिकारी हरिराम चंदेल ने बताया कि यह कदम प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से बच्चों की सुरक्षा को लेकर उठाया गया है। इसका उद्देश्य आपदा के दौरान समय पर सुरक्षा, बचाव और राहत कार्य सुनिश्चित करना है। सभी स्कूलों को प्रार्थना सभा में आपदा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी विद्यार्थियों को देने के लिए कहा गया है।