सोलन। कोठो में पिछले रविवार यानी आठ सितंबर को राज्य समन्वयक जनमंच और मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा के निर्देशों के बाद अभी तक कार्य शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने तहसीलदार सोलन, नगर नियोजन विभाग सोलन, नप सोलन को निर्देश जारी किए थे कि संयुक्त टीम गठित कर टैंक रोड-सेरी-डमरोग-जटोली संपर्क मार्ग पर अवैध निर्माण की जांच करे।
हालांकि इसमें विभागों ने अभी तक निशानदेही का कार्य शुरू नहीं किया है। इसमें संबंधित अधिकारियों को 12 सितंबर का समय दिया गया था लेकिन इस अवधि के बाद भी यहां अवैध निर्माण को लेकर जांच शुरू नहीं हो सकी है। हालांकि, नगर परिषद के अधिकारी का कहना है कि निर्देश के बाद मौके का दौरा किया गया है लेकिन अभी निशानदेही का कार्य करना बाकी है। इस कारण लोगों का भी जनमंच से विश्वास उठने लग गया है।
यह है मामला
कोठो पंचायत में आठ सितंबर को जनमंच कार्यक्रम किया गया था। इसकी अध्यक्षता मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा ने की थी। इस दौरन करीब 25 लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया था। यहां के स्थानीय लोगों की मांग पर टैंक रोड-सैरी-डमरोग-जटोली संपर्क मार्ग की खस्ता हालत को सुधारने और इस मार्ग पर अवैध निर्माण की जांच की मांग रखी गई थी। इसके बाद सचेतक ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीम को जांच के निर्देश दिए थे लेकिन इसमें अभी तक कोई भी कार्य नहीं किया है। अभी तक सिर्फ नगर परिषद ने ही मौके का दौरा किया है।
मौके का किया है दौरा
नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि नगर परिषद की टीम ने उक्त मार्ग का दौरा किया है। अब राजस्व विभाग को निशानदेही के लिए संपर्क किया जाएगा। इसके बाद मार्ग पर अवैध निर्माण को लेकर निशानदेही शुरू की जाएगी।
शिकायतकर्ता ने ली शिकायत वापिस
तहसीलदार सोलन गुरमीत नेगी ने बताया कि कोठो जनमंच के दौरान एक व्यक्ति की शिकायत पर टैंक रोड-सेरी-डमरोग-जटोली मार्ग पर अवैध निर्माण की जांच के लिए जनमंच सचेतक ने विभिन्न विभागों को निर्देश दिए थे। हालांकि जांच से पहले ही शिकायतकर्ता ने एक प्रार्थना पत्र देकर शिकायत वापिस लेने को कहा है जिस कारण निशानदेही का कार्य नहीं हो सका है।