लंबे और स्थानीय रूट पर कंडक्टरों को डिपो ने सौंपी मशीनें
गूगल-पे, समेत अन्य ऑनलाइन माध्यम से कर सकेंगे भुगतान
युवाओं में दिखा अच्छा रुझान, झगड़े भी हो जाएंगे कम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पथ परिवहन निगम सोलन डिपो की बसों में यात्रियों को अब ई-टिकटिंग की सुविधा मिल गई है। इससे यात्री बस में ऑनलाइन और कार्ड के माध्यम से किराया अदा सकते हैं। इससे पहले बसों में इस प्रकार की सुविधा लोगों को नहीं मिल पाती थी। इससे काफी दिक्कतों का सामना यात्रियों को करना पड़ता था। लेकिन अब लोगों को बसों में यात्रा करने पर परेशानी नहीं आएगी। निगम की ओर से सोलन डिपो को 120 ई-टिगटिंग मशीनें दी गई हैं। इन मशीनों को लंबे और स्थानीय रूट पर कंडक्टर को दे दिया गया है।
पहले चरण में 40 ई-टिगटिंग मशीनें डिपो को मिली थीं। इन मशीनों को लांग रूट में प्रयोग में लाया जा रहा था और ट्रायल किया गया था। लांग रूट में किया गया ट्रायल पूरी तरह से सफल रहा। इसके बाद डिपो अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट दी। इसके बाद दूसरे चरण में 80 और मशीनें डिपो में आ गईं। खास तौर पर युवाओं की तरफ से ऑनलाइन भुगतान का अच्छा रुझान देखने को मिल रहा है। बताया जा रहा है कि सोलन डिपो ई-टिकटिंग शुरू करने वाला दूसरा जिला बन गया। इससे खुले पैसे का झंझट भी खत्म हो जाएगा।
आमतौर पर बसों में खुले रुपयों को लेकर कंडक्टर और यात्रियों के बीच बहस के मामले देखने को मिलते है। इससे परिवहन निगम की बसों के संचालन पर भी प्रभाव पड़ता है। लेकिन अब आधुनिक समय में सुविधाओं को निगम की ओर से बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह ठाकुर, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और परिवहन निगम के एमडी रोहन चंद ठाकुर ने एचआरटीसी को हाईटेक बनाने का बीड़ा उठाया है। इस पर कार्य निगम के कर्मचारी कर रहे हैं।
इनसेट
सोलन डिपो की बसों में अब ऑनलाइन माध्यम से किराया देने की सुविधा दी जा रही है। अधिकतर बसों में ई-टिगटिंग मशीन कंडक्टर को दे दी गई है। युवा ऑनलाइन भुगतान का अच्छा लाभ उठा रहे हैं। कोशिश की जा रही है कि यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान की जा सके।
-सुरेंद्र राजपूत
क्षेत्रीय प्रबंधक, पथ परिवहन सोलन डिपो