एक कामगार को मारा था थप्पड़, रात भर चलता रहा हंगामा
कामगारों ने प्रबंधकों पर पत्थर व कांच की बोतलें भी फेंकी
पत्थराव से पुलिस कर्मी भी घायल, रविवार को बंद रही कंपनी
कामगार मारपीट करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी की दीपक स्पिनिंग मिल के कामगार व प्रबंधकों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि कामगारों ने पत्थर और कांच की बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं। जिससे एक पुलिस कर्मी भी घायल हो गया। इस विवाद के चलते कंपनी शनिवार शाम से बंद है। पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यहां पर बटालियन तैनात की हुई है। हालांकि अब कामगार शांत है लेकिन कामगार कंपनी के जिन प्रबंधकों ने मारपीट की उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।
शनिवार देर शाम कंपनी के दो कामगार प्रबंधक से अवकाश लेने गए। कंपनी के प्रबंधक ने उन्हें अवकाश देने से इंकार कर दिया। प्रबंधक के कमरे के साथ सुरक्षा कर्मी कक्ष है। प्रबंधक व सुरक्षा कर्मी ने छुट्टी मांगने आए कामगारों को थप्पड़ मार दिए। थप्पड़ लगने के बाद इन कामगारों ने मैनेजर के साथ बहस शुरू कर दी। यहीं से विवाद शुरू हो गया। देखते ही कंपनी मैनेजमेंट के लोगों ने आकर इन कामगारों को कमरे में बंद करके इनकी धुनाई कर दी। जैसे ही अन्य कामगारों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने सुरक्षा कर्मचारियों व स्टाफ के ऊपर पत्थर व बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं। कंपनी प्रबंधकों ने पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस के मौके पर पहुंचने भी पत्थर व बोतलें फेंकना जारी थी। एक पत्थर पुलिस कर्मचारी अमरजीत को लग गया। जिससे वह घायल हो गया उसे बद्दी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मौके पर तैनात पुलिस ने तनाव को देखते हुए एसपी को सूचना दी। एसपी ने फायर ब्रिग़ेड, सभी थानों से फोर्स व नालागढ़ उप चुनाव में तैनात बटालियनों को कंपनी में तैनात कर दिया है। कामगार इस बात पर अड़े हैं कि जब तक मारपीट करने वाले एचआर प्रबंधक, मैनेजर व सिक्योरिटी प्रभारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती है तब तक आंदोलन जारी रहेगा। रविवार को दीपक स्पिनिंग मिल बंद रही। पूरा दिन कामगार कंपनी परिसर में खड़े रहे।
भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश इकाई के सदस्य मेला राम चंदेल भी रात को 1 बजे मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने कामगार की समस्या सुनी और कहा कि अगर मैनेजमेंट कामगारों के साथ व्यवहार सही नहीं करता है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मैनेजमेंट अपने बच्चों का पेट इन कामगारों की मेहनत से पालते है। इनके साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं होगा।
उधर, डीएसपी खजाना राम ने बताया कि दीपक धागा मिल में कामगारों व प्रबंधकों के बीच विवाद हो गया था। जिसे बातचीत के जरिए सुलझाने का प्रयास जारी है। विवाद न भड़के पुलिस फोर्स को कंपनी परिसर में तैनात किया हुआ है।