कंडाघाट (सोलन)। नारी उत्पीड़न और युवतियों से बदसलूकी की निर्भया टोल फ्री नंबर 181 पर कॉल कर 24 घंटे के अंदर कार्रवाई होती है। महिलाएं सामाजिक सुरक्षा को लेकर अपनी आवाज को दबाए बिना डटकर मुकाबला करें। यह बात कंडाघाट की छावशा पंचायत के वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में आयोजित अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम के दौरान एसईबीपीओ कंडाघाट मंजुला कंवर ने कहीं।
एसईबीपीओ मंजुला कंवर ने पर्दा प्रथा, बाल विवाह, अशिक्षा सहित भारतीय संस्कृति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सदैव सशक्त और सजग रहना चाहिए। कहा कि एक हजार पुरुषों के अनुपात केवल 930 महिलांए हैं जो कम है। कार्यक्रम में तहसीलदार ओपी मेहता बतौर मुख्यातिथि शरीक हुए।
उन्होंने सामाजिक सुरक्षा, घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा, भ्रूण हत्या सहित समाज में महिला अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय का सही प्रयोग कर आत्मनिर्भर बनें। इस कार्यक्रम में स्कूल की छात्राओं समेत 90 महिलाओं ने हिस्सा लिया। थाना प्रभारी कंडाघाट प्रकाश चंद ने सभी को गुड़िया हेल्पलाइन सहित नशे की बढ़ रही समस्या को देखते हुए पुलिस सहयोग की अपील की।
साथ ही उन्होंने आईपीसी की धारा 498 के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि कार्य स्थल पर यौन शोषण की जानकारी पुलिस को तुरंत दें। स्कूल प्रधानाचार्य सुनीता शर्मा ने उपस्थित छात्राओं से कहा कि महिलाएं और युवतियों पर होने वाले अत्याचार को सहने की बजाय उनका डटकर मुकाबला करने के लिए तैयार रहें। इस मौके पर तहसीलदार कंडाघाट तहसीलदार ओपी मेहता, प्रधानाचार्य सुनीता शर्मा, एसएमसी प्रधान इंद्र सिंह मौजूद रहे।
बच्चों और महिलाओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें मौजूद प्रतिभागियों ने पूछे प्रश्नों का सही जवाब दिया। मुख्यातिथि ओपी मेहता ने अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के मेडल देकर प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इसमें रीना ठाकुर, बनीता ठाकुर, सोनिया, मन्नत, मुस्कान शामिल रहीं।