बद्दी के मानपुरा पंचायत में रविदास जयंती के मौके पर शोभायात्रा के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब युवक झंडा चढ़ाने की रस्म निभा रहा था और घरों में लगाई गई सजावटी लाइटों की तारों से वह टच हो गया। करंट लगने से युवक को झटका लगा और वह गिरकर बेहोश हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा मानपुरा पंचायत के वार्ड आठ में हुआ, जहां 20 वर्षीय अजय कुमार, पुत्र रामलाल, शोभायात्रा में शामिल था। जैसे ही वह झंडा चढ़ाने की रस्म अदा कर रहा था, वह पास के भवन में लटकी सजावटी लाइटों की तारों से टकरा गया, जिससे झंडे में करंट फैल गया और उसे करंट लग गया। इसके बाद युवक गिर गया और अस्पताल पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। एएसपी अशोक वर्मा ने इस हादसे की पुष्टि की और बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।