गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। परवाणू में पुलिस ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान नेपाली मूल के एक व्यक्ति से 1 किलो 897 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को परवाणू पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने ट्रक पार्किंग परवाणू में दबिश देकर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 897 ग्राम चरस बरामद हुई।
आरोपी की पहचान सतमान झाकरी निवासी गांव थवांग, जिला रोल्पा, अंचल राप्ती, नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने मादक पदार्थ कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सोलन टी.एस.डी. वर्मा ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, ताकि चरस की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था, इसका पता लगाया जा सके। आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।