बद्दी से भुड्ड सड़क पर सरसा नदी के पास खैर की लकड़ी की तस्करी करते रंगे हाथ धरे वाहन चालक को बाइक सवारों ने वन विभाग की टीम से छुड़वाने की कोशिश की। इस दौरान वन विभाग की टीम के साथ धक्का-मुक्की की गई। लेकिन वन विभाग की टीम को हावी होता देखकर हमलावर बाइक सवार बाइक को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस की मौजूदगी में तस्करी के वाहन समेत अवैध खैर के आठ मोछों को वन विभाग कार्यालय में संबंधित अधिकारी के सुपुर्द किया गया। हमलावरों में से एक की पहचान हो गई है। पुलिस ने उस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही चालक पर भी संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा कायम किया है।
पुलिस के मुताबिक राजेंद्र कुमार रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर बद्दी जिला सोलन ने शिकायत में कहा कि रात्रि गश्त के दौरान वह बद्दी रेंज कि टीम के साथ बद्दी से दासोमाजरा जा रहे थे। गुप्त सूचना थी कि एक ऑल्टो गाड़ी में खैर की लकड़ी है। यह वाहन दासोमाजरा से भुड की ओर जा रहा है। सरसा नदी के थोड़ा पाछे एक आल्टो गाड़ी को रोका और तलाशी करने पर गाड़ी के अंदर खैर के ताजे काटे हुए 8 आठ मोच्छे बरमाद किए।
मौके पर जब चालक कागजात पेश नहीं कर पाया तो उसे टीम ने पकड़ लिया। लेकिन इस गाड़ी के आगे चल रहे दो मोटरसाइकल सवार पीछे मुड़कर आए और गाड़ी चालक को छुड़वाकर भागने लगे। इसी बीच टीम ने उन्हें घेर लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों शातिर मोटरसाइकल छोड़कर भागने में कामयाब रहे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ऑल्टो गाड़ी के चालक सहित गाड़ी तथा खैर मोच्छों को वन विभाग के कार्यालय बद्दी में ले आए। उधर चालक की पहचान सुखदेव शाह पुत्र चमन खान गांव एवं डॉ. चिकन तहसील कालका जिलां पंचकूला हरियाणा के रूप में हुई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच : एसपी
एसपी बशेर सिंह ने बताया कि आरोपी खैर के मोच्छे खोल-धर्मपुर जंगल से लाए हैं। खैर के पेड़ काटने में तीन अन्य व्यक्ति भी शामिल रहे। इसमें दो व्यक्ति आल्टो कार के आगे चल रहे थे। मोटरसाइकल पर सवार एक व्यक्ति का नाम छिंदा पुत्र चंद गांव माजरी तहसील एवं जिला रोपड़ है। पुलिस ने इसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।