दाड़लाघाट(सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुघार के छह विद्यार्थियों ने मेरे शहर के सौ रतन 2.0 छात्रवृत्ति परीक्षा में 100 फीसदी छात्रवृत्ति हासिल की है। यह परीक्षा 29 मई को चंडीगढ़ की निजी अकादमी की ओर से आयोजित की गई थी। इस उपलब्धि से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सहयोग मिलेगा।
यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश सरकार और निजी अकादमी की संयुक्त पहल के तहत संचालित है। इसका उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 100 मेधावी विद्यार्थियों का चयन करना है। चयनित विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष मार्गदर्शन और छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। कक्षा 11वीं से अजय कुमार, अक्षय कुमार और खुशी ठाकुर का चयन हुआ है। कक्षा 12वीं से अल्का, निशा देवी और सौरभ सेन ने यह छात्रवृत्ति प्राप्त की है। सभी चयनित विद्यार्थियों को अकादमी की ओर से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पूरी छात्रवृत्ति मिलेगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य रामस्वरूप गौतम ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी।